रक्षाबंधन का पर्व इस बार जेलों में भावुक पलों का गवाह बना
उदयपुर व राजसमंद की जेलों में हुए आयोजन
उदयपुर की सेंट्रल जेल में सुरक्षा बंदोबस्त के बीच बहनों को अपने कैदी भाइयों से मिलने का अवसर मिला। राखी बांधते समय कई बहनों और भाइयों की आंखों में आंसू छलक पड़े। कैदियों ने बहनों को विश्वास दिलाया कि वे जेल से बाहर आने के बाद ईमानदारी और समाज सेवा का रास्ता अपनाएंगे।

राजसमंद जिला कारागृह में भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्थाओं के बीच निरीक्षक हेमंत सालवी के निरीक्षण में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें बहनों को अपने कैदी भाइयों की कलाई पर राखी बांधने का अवसर मिला। जब बहनें अपने भाइयों से मिलीं, तो कई की आंखें नम हो गईं।

राखी बांधते समय भावुक माहौल में भाइयों ने बहनों के सामने यह संकल्प लिया कि वे अब आगे से अपराध के रास्ते पर नहीं चलेंगे और नशे से भी दूर रहेंगे। भाइयों ने बहनों को फल भेंट किए, जबकि बहनों ने भाइयों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

दोनों जेलों में रक्षाबंधन का यह पर्व सिर्फ राखी और मिठाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भाई-बहन के रिश्ते के साथ जीवन सुधारने और नई शुरुआत करने का संकल्प भी बन गया।