महाअष्टमी पर बंगाली काली बारी सोसायटी में पूजा और अनुष्ठान सम्पन्न

मां दुर्गा को चढ़ायें 108 कमल के फूल, धनुची नृत्य कर ढाक बजाया

 | 
Bangali kali bari society

उदयपुर 30 सितंबर 2025। बंगाली काली बारी सोसायटी, हिरणमगरी सेक्टर 4 स्थित ब्राह्मण समाज सेवा समिति परिसर में आयोजित 6 दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव के तहत आज महाअष्टमी पर भव्य पूजा और अनुष्ठान सम्पन्न हुए। इस अवसर पर समाज की ओर से मां दुर्गा को 108 कमल के फूल अर्पित किए गए।

सोसायटी अध्यक्ष डाॅ. दीपांकर चक्रवर्ती ने बताया कि आज सुबह 9 बजे बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित हुए और उन्होंने मां दुर्गा को पुष्पांजलि अर्पित की। दोपहर 1 बजकर 21 मिनट पर संधि पूजा प्रारम्भ हुई, जिसमें समाज के कलाकारों ने धनुची नृत्य प्रस्तुत किया और ढाक बजाकर माहौल को और भक्तिमय बना दिया।

इस अवसर पर केले और कद्दू का बलिदान भी किया गया। संधि पूजा के समाप्त होने के बाद प्रसाद वितरण किया गया। डॉ. चक्रवर्ती ने बताया कि सांय संध्या में आरती आयोजित की गई, जिसमें कलाकारों ने पुनः धनुची नृत्य और ढाक की प्रस्तुति दी। इसके बाद सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें बंगला और हिंदी गानों के साथ बंगला नाटक का मंचन भी किया गया।