607 से अधिक स्थानों पर दबिश देकर 152 बदमाश गिरफ्तार

एरिया डोमिनेशन के तहत विशेष अभियान
 | 

उदयपुर 9 फ़रवरी 2026। ज़िला पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों और अपराधियों के खिलाफ एरिया डोमिनेशन के तहत विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई 8 फरवरी 2026 को की गई, जिसमें जिलेभर में सघन दबिश और चेकिंग की गई।

अभियान के दौरान जिले में करीब 607 से अधिक स्थानों पर दबिश दी गई और कुल 152 अपराधी व आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत 13 नए प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 3 ग्राम एमडीएमए, 486.18 किलोग्राम डोडा चूरा, 830 ग्राम अफीम, 1385 ग्राम गांजा, 03.79 मिलीग्राम चरस और एक स्कॉर्पियो कार जब्त की गई।

एनडीपीएस एक्ट के अलावा अन्य धाराओं में 19 प्रकरण दर्ज कर 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, एनडीपीएस एक्ट के मामलों में वांछित 5 आरोपियों को भी पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान 136 बदमाशों को निवारक धाराओं में गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट से संबंधित 48 हार्डकोर हिस्ट्रीशीटरों और एनडीपीएस एक्ट के पूर्व में चालानशुदा 213 अपराधियों की भी जांच की गई। इसके अलावा 20 स्थायी वारंट और 6 गिरफ्तारी वारंटों का भी निस्तारण किया गया तथा 5 हिस्ट्रीशीटरों से पूछताछ की गई।

यह विशेष अभियान महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव और जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन में चलाया गया। जिले के सभी डिप्टी एसपी और थाना अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए थे। जिले के थानों से गठित 97 टीमों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि अपराध और अपराधियों से जुड़ी किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
 

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal