153.415kg अवैध गांजा और 1336.600kg गांजे की फसल जब्त, 2 गिरफ्तार
कानोड़ थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई
उदयपुर 12 अगस्त 2025। ज़िले की कानोड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिरिया गांव से 153.415 किलो ग्राम अवैध गांजा और 1336.600 किलो ग्राम गांजे की फसल जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
ज़िला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल, वृत्ताधिकारी राजेन्द्र जैन और थानाधिकारी मुकेंश चंद्र के नेतृत्व में टीम ने बिरिया गांव में पहाड़ी क्षेत्र के पास नदी किनारे स्थित खेत में दबिश दी, जहां गांजे की हरी-भरी फसल लहलहा रही थी। खेत में लगे पौधों के साथ प्लास्टिक के कट्टों में भरा गांजा भी बरामद हुआ। मौके से भागने की कोशिश कर रहे दो व्यक्तियों को घेरकर पकड़ा गया, जिनकी पहचान केशा मीणा (75) निवासी लसाड़िया और रामसिंह उर्फ राम मीणा (48) निवासी मालो के रूप में हुई।
आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे पहाड़ और नदी किनारे गांजे की खेती कर इसे बेचकर मुनाफा कमाते हैं। पुलिस ने खेत से कुल 153.415 किलो गांजा और 66 कट्टों में भरे पौधों के बोरों का वजन कर 1336.600 किलो गांजे की फसल जब्त की।
गांजे की बड़ी मात्रा के कारण पुलिस ने ट्रक मंगवाकर सामान थाने में जमा कराया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई है।
