अपहरण कर फिरौती मांगने के दो आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर 15 अप्रैल 2026। ज़िले की झाड़ोल थाना पुलिस ने अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जानकारी के अनुसार 15 मार्च 2026 को प्रार्थी अम्बा लाल पुत्र राजमल वडेरा निवासी तलाई ने रिपोर्ट दी कि 14 मार्च को वह मोटरसाइकिल से गोराणा सामान खरीदने गया था। वहां उसकी मुलाकात भेरा पुत्र हुरिया वडेरा निवासी घाटावेला ढढावली से हुई, जिसे वह पहले से जानता था। भेरा उसे अपने साथ थोड़ा आगे चलने के बहाने ले गया, जहां उसके 10-12 साथी पहले से मौजूद थे।
आरोप है कि सभी ने मिलकर उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। उसके साथ मौजूद बलवीर और मनीष ने विरोध किया तो आरोपियों ने तलवार और चाकू दिखाकर उन्हें धमकाया और चुप रहने को कहा। इसके बाद पीड़ित को सुनसान जगह ले जाकर उसके साथ मारपीट की गई और मोबाइल से फोनपे के जरिए पैसे ट्रांसफर कराए गए। आरोपियों ने उसका मोबाइल भी छीन लिया और मारपीट कर मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
मामले में पुलिस ने प्रकरण संख्या 54/2026 धारा 140(2), 309(6), 3(5) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल, वृताधिकारी विवेक सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी फैलीराम मीणा व टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित और टॉप-टेन बदमाश भेरा उर्फ भेरिया (20) निवासी ढढावली फला घाटावेला और विक्रम पारगी (19) निवासी बछार को गिरफ्तार किया।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।
#Udaipur #Jhadol #Rajasthan #CrimeNews #UdaipurPolice #Kidnapping #LawEnforcement #Rajasthan #CrimeAnalysis #PublicSafety #Udaipur #PoliceAction
