चित्तौडग़ढ़: ट्रावेल्स बस से 233kg चन्दन की गीली लकडियां जब्त
चित्तौड़गढ़ 14 फरवरी 2026। पुलिस थाना कोतवाली चित्तौडगढ द्वारा कार्यवाही करते हुए एक ट्रावेल्स बस से 2 क्विन्टल 33 किलोग्राम चन्दन की गीली लकडियां जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने व धरपकड़ कार्यवाही के तहत एएसपी चित्तौडगढ सरितासिंह के निर्देशन एवं डीएसपी चितौडगढ बृजेशसिंह के सुपरविजन में थाना कोतवाली चित्तौडगढ के श्यामलाल उप निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम एएसआई देवीलाल, हैड कानि. राधेश्याम, कानि. संजय, गुलशन व गजेन्द्रसिंह को मुखबीर से सूचना मिली कि निम्बाहेड़ा से पिलानी चलने वाली नीरज ट्रावेल्स बस की पीछे वाली डिक्की में अवैध गीली चन्दन की लकड़ी भरी हुई है।
सूचना पर पुलिस टीम द्वारा कपासन चौराये पर नाकाबन्दी की। नाकाबन्दी के दौरान उक्त बस रूकवा कर तलाशी ली तो बस की पिछे की डिग्गी के अन्दर चन्दन की गीली लकड़ी के छः प्लास्टिक के कट्टे भरे मिले। बस को थाने के बाहर लाकर बस में प्लास्टिक के कट्टो में रखी चन्दन की लकडियों का वजन किया गया तो कट्टो में भरी चन्दन की गीली लकडियो का कुल वजन 233 किलो (2 क्वि. 33 किलो) पाया गया।
बस के चालक व परिचालक से पूछताछ करने पर उक्त पार्सल जयपुर ले जाने के लिये रखा गया था। ट्रावेल्स बस में जंगल से अवैध तरीके से चन्दन की गीली लकड़ी काट चोरी कर ट्रावेल्स बस में रख परिवहन करने से उक्त 233 किलो चन्दन की गीली लकडियों तथा ट्रावेल्स बस को जब्त किया गया। ट्रावेल्स बस में चन्दन की गीली लकडियां रखवाने वाले आरोपियों के सम्बन्ध में अनुसंधान जारी है।
