उदयपुर के बंजारवाड़ा मे 25 तोला सोना और 5 किलो चांदी की चोरी

 | 
Theft in udaipur

 

Udaipur Times, Crime News:  उदयपुर जिले के पहाड़ा थाना क्षेत्र के बंजारवाड़ा इलाके में बुधवार रात चोरों ने एक बुजुर्ग महिला के घर को निशाना बनाते हुए करीब 46 लाख रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

बदमाश घर से 25 तोला सोना, करीब 5 किलो चांदी के आभूषण और 15 हजार रुपए नकद चुरा ले गए। वारदात के दौरान चोरों ने आसपास के मकानों की बाहर से कुंडियां लगा दीं, ताकि किसी को घटना का पता चलने पर भी वे घर से बाहर नहीं निकल सकें।

जानकारी के अनुसार 85 वर्षीय सेना देवी अपने घर में अकेली रहती हैं। उनका बेटा तुलसीराम गुजरात के एक होटल में काम करता है। गुरुवार सुबह जब सेना देवी की नींद खुली तो घर के कमरों में सामान बिखरा हुआ था और अलमारी का लॉकर टूटा मिला। इसके बाद चोरी की जानकारी आसपास के लोगों को दी गई।

खिड़की तोड़कर घुसे, 200 मीटर दूर खेत में मिली अलमारी

चोर मकान के पीछे की खिड़की तोड़कर घर में दाखिल हुए। बदमाश अलमारी को उठाकर घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में ले गए और वहां उसे तोड़कर जेवरात निकाल लिए। सुबह ग्रामीणों को खेत में अलमारी मिली तो वे हैरान रह गए। पुलिस का अनुमान है कि वारदात में 4 से 6 बदमाश शामिल हो सकते हैं।

चोर सोने के कंगन, मोटी चेन, तरड़िया और चांदी की पायल, बिछूड़ी, सांकली, कंदोरा, पायजेब, कड़ले व हांसली सहित अन्य आभूषण ले गए।

सूचना मिलने पर थानाधिकारी राजेश मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है।

ग्रामीणों ने इस वारदात को गांव की अब तक की सबसे बड़ी चोरी बताते हुए पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि रात में नियमित गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News