कुराबड़ में ज्वेलर्स के यहाँ से चोरी हुई 27kg चांदी और बरामद हुई
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और दुकान में लगे CCTV की हार्ड डिस्क भी बरामद
उदयपुर 6 अप्रैल 2026। ज़िले के कुराबड़ थाना क्षेत्र में मोहित ज्वेलर्स में हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर 27 किलोग्राम चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और दुकान में लगे CCTV कैमरों की हार्ड डिस्क बरामद की गई है। इससे पहले 28 मार्च 2026 को पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए थे।
प्रकरण के अनुसार 15 मार्च 2026 को परिवादी अशोक सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 मार्च की रात उनकी दुकान मोहित ज्वेलर्स के ताले तोड़कर बदमाश करीब 20 तोला सोना और लगभग 100 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल स्वरूप मेवाड़ और पुलिस उप अधीक्षक गोपाल चंदेल के सुपरविजन में थाना अधिकारी तेजसिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर 27 किलोग्राम चांदी के आभूषण, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और CCTV हार्ड डिस्क बरामद की।
जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी के बाद CCTV की हार्ड डिस्क अपने साथ ले गए थे और उसे गांव के बाहर एक कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कुएं से हार्ड डिस्क बरामद कर ली।
अब तक इस मामले में कुल 57 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए जा चुके हैं। शेष आरोपियों की तलाश और बाकी माल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी रात के समय मोटरसाइकिल से गांवों में जाकर पहचान छिपाने के लिए महिलाओं के कपड़े पहनते थे और बंद पड़े मकानों व दुकानों को निशाना बनाकर ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
#UdaipurNews #RajasthanCrime #Kurabad #JewelryTheft #PoliceSuccess #CrimeUpdate #SilverRecovery #UdaipurPolice #RajasthanNews #LocalNewsUdaipur #BreakingNewsIndia #CCTVRecovery #CrimeInvestigation
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
