धुलंडी के दिन पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करने के तीन आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर 9 मार्च 2026। शहर में धुलंडी के दिन ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया था, जिसमें युवक पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते नजर आए थे।
जानकारी के अनुसार आरोपियों ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों पर कार को नहीं रोकने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। युवक कह रहे थे कि कार चालक को क्यों नहीं रोका गया और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी क्या है। इसके बाद आरोपी तू-तड़ाक पर उतर आए और पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी करते हुए धक्का-मुक्की करने लगे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने और मौके पर भीड़ जमा हो गई। करीब 20 मिनट तक सड़क पर हंगामा चलता रहा।
सूरजपोल थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए शिवाजी नगर निवासी अजय नलवाया, कमल नलवाया और बीड़ा निवासी अनिल सोनवाल को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी रतन सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
उन्होंने बताया कि ट्रैफिक हेड कांस्टेबल श्रवण कुमार ने 3 मार्च को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार वे और उनके साथी पुलिसकर्मी पारस तिराहे पर तैनात थे। इसी दौरान एक कार ने ऑटो को मामूली टक्कर मार दी। इसके बाद ऑटो में सवार तीन युवक नशे की हालत में बाहर आए और आक्रामक होकर गाली-गलौज करने लगे। इसी बीच कार चालक मौके से फरार हो गया।
घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा किया गया, जिसमें आरोपी पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की में एक पुलिसकर्मी का वायरलेस सेट भी टूट गया।
#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #Dhulandi #Holi2026 #UdaipurPolice #TrafficPolice #CrimeNews #ParasTiraha #Surajpol #RajasthanPolice #LocalNewsUdaipur
