उदयपुर में अवैध हथियारों के साथ 3 बदमाश गिरफ्तार
आरोपियों से दो पिस्टल और कारतूस बरामद
उदयपुर 6 अप्रैल 2026 - सूरजपोल थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए संगठित अपराध गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 अवैध पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में जिले में अवैध हथियार और मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सूरजपोल थानाधिकारी रतन सिंह चौहान व डीएसटी प्रभारी विक्रम सिंह की टीम ने 5 अप्रैल 2026 को कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर रोडवेज बस स्टैंड के पीछे सौ फीट रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर गिरोह के सरगना फैजल आलम (26) निवासी किशनपोल, चन्द्रपाल सिंह (22) निवासी शिव कॉलोनी शोभागपुरा और ताहा सिंधी (22) निवासी उत्तरी सुंदरवास को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान फैजल आलम के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और दो कारतूस तथा चन्द्रपाल सिंह के पास से एक अवैध पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुए। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और संगठित गिरोह बनाकर गंभीर अपराध की योजना बनाने के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पूर्व में हुए झगड़े की रंजिश के चलते बदला लेने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश के खरगोन से अवैध हथियार खरीदे थे।
तीनों आरोपी बिना वैध लाइसेंस के हथियार लेकर वारदात की फिराक में घूम रहे थे। पुलिस के अनुसार, फैजल आलम के खिलाफ सूरजपोल, सविना, भूपालपुरा, हाथीपोल और सुखेर थानों में हत्या के प्रयास सहित कुल 11 मामले दर्ज हैं। चन्द्रपाल सिंह के खिलाफ भी हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं, जबकि ताहा सिंधी के खिलाफ मुंबई में लूट का एक मामला दर्ज पाया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #CrimeNews #PoliceAction #IllegalWeapons #GangArrested #BreakingNews #RajasthanPolice #UdaipurUpdates #CrimeAlert #IndiaNews #LocalNews #LawAndOrder