डबोक में व्यापारी के बेटे से 30 किलो चांदी लूटी, मारपीट कर किया घायल
उदयपुर में दिनदहाड़े लूट
उदयपुर 17 अप्रैल 2025 । ज़िले के डबोक थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। मीठानीम इलाके में तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक ज्वैलरी व्यापारी के बेटे से 30 किलो चांदी लूट ली और विरोध करने पर उसके साथ जमकर मारपीट की। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक अंशुमान सोनी के पिता शिवकुमार सोनी की ज्वैलरी की दुकान है। अंशुमान रोज की तरह शाम करीब 6:30 बजे दुकान से 30 किलो चांदी बैग में रखकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान सुनसान सड़क पर पल्सर बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोका, मारपीट की और धारदार हथियार से उसके सिर पर हमला किया। इसके बाद बदमाश चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
हमले में अंशुमान गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर ही बेहोश हो गया। राहगीरों ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने लूट से पहले पूरी रैकी की थी। उन्हें पता था कि व्यापारी रोजाना इस वक्त चांदी लेकर घर आता है। डबोक थानाधिकारी हुकम सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
