पिस्टलनुमा लाईटर गन से वीडियो बनाकर अशांति फ़ैलाने के आरोप में 4 गिरफ्तार
घासा थाना क्षेत्र की घटना
उदयपुर 16 अगस्त 2025। ज़िले के घासा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर पिस्टलनुमा लाईटर गन से वीडियो बनाकर आमजन में भय और अशांति फैलाने के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर सोशल मीडिया पर अवैध गतिविधियों और हथियारों के साथ फोटो व वीडियो अपलोड कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल और वृत्ताधिकारी मावली राजेन्द्र सिंह जैन के सुपरविजन में, थाना प्रभारी मांगीलाल के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों में देवेंद्र (23) पुत्र मोहनलाल, निवासी काडा बैरण, देलवाड़ा जिला उदयपुर, नितेश (22) पुत्र शंकरलाल, निवासी राया, खेमनोर जिला राजसमंद, अम्बालाल उर्फ चंदु (19) पुत्र तारू, निवासी बरवा, देलवाड़ा जिला राजसमंद और पुष्कर लाल (21) पुत्र कालूराम, निवासी बिलोता, देलवाड़ा जिला राजसमंद शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया।
