उदयपुर मे दिवाली की रात लूट के इरादे से हत्या के मामले मे 4 बाल अपचारी डिटेन

 | 
Falasiya police station

 

Udaipur Times, Crime News:  उदयपुर जिले की झाड़ोल थाना पुलिस ने दीपावली की रात खांखड़ स्कूल खेल मैदान के पास हुई युवक की हत्या और लूट की वारदात का छह दिन में खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार विधि से संघर्षरत बालकों को डिटेन किया है। उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चाकू और खून से सनी शर्ट बरामद की गई है। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है

पुलिस के अनुसार, गोगला की नाल निवासी कालूलाल कसौटिया ने 9 नवंबर को झाड़ोल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र भरत 8 नवंबर को दीपावली के दिन बाइक लेकर झाड़ोल गया था, लेकिन रातभर घर नहीं लौटा। अगले दिन सुबह भरत का शव खांखड़ स्कूल के खेल मैदान की बाउंड्री के पास पड़ा मिला। उसकी बाइक नया गांव की तरफ खड़ी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. अमृता दुहन ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई और वृत्ताधिकारी झाड़ोल विवेक सिंह के सुपरविजन में विशेष टीमें गठित कीं। जांच में झाड़ोल सर्कल के झाड़ोल, ओगणा, फलासिया और बाघपुरा थानों की पुलिस के साथ उदयपुर साइबर सेल को भी शामिल किया गया।

पुलिस टीमों ने तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र की मदद से चार बाल अपचारियों को डिटेन कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि दीपावली की रात करीब 9 से 10 बजे इन बाल अपचारियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की नीयत से भरत पर चाकू से हमला किया था। हमले में भरत की मौके पर ही मौत हो गई थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, चाकू और खून से सनी शर्ट बरामद की है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

कार्रवाई में झाड़ोल थानाधिकारी चन्द्रपाल सिंह, ओगणा थानाधिकारी रामरूप मीणा, फलासिया थानाधिकारी वेलाराम, बाघपुरा थानाधिकारी गोपाल सिंह मीणा और साइबर सेल के हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह सहित चारों थानों के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। झाड़ोल थाने के सहायक उपनिरीक्षक सतीशचन्द्र और कांस्टेबल ओमप्रकाश, मदनलाल व जितेन्द्र का विशेष योगदान रहा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News