70 लाख कीमत की 458.26kg अवैध डोडा चूरा जब्त

अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता

 | 
illegal opium

उदयपुर 28 अगस्त 2025। ज़िला पुलिस टीम ने करीब 70 लाख रुपये की बाजार कीमत के 458.260 किलो अवैध डोडा चूरा जब्त किया। जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। 

इसी अभियान के तहत गोपाल स्वरूप मेहता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण और सुरेन्द्र सिंह राठौड़ डिप्टी एसपी गोगुंदा के सुपरविजन में किशोर सिंह शेखावत, थानाधिकारी सायरा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।

टीम जब सायरा पुलिस थाना क्षेत्र में मौजूद थी, तभी एक बिना नम्बर की स्कॉर्पियो गाड़ी तेज रफ्तार में आती दिखी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रोकने के बजाय भागने की कोशिश की और टायर ब्रस्ट होने पर भी वाहन को तेज रफ्तार से भगाया। पीछा करने पर चालक कार को सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

कार की तलाशी में प्लास्टिक की कट्टियों में 458.260 किलो डोडा चूरा बरामद हुआ। मौके पर डोडा चूरा और स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया गया। इस मामले में NDPS act की धारा 8/15 में प्रकरण दर्ज किया गया है।