राजस्थान में अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज, 4 दिन में 488 मामले दर्ज, 78 गिरफ्तार

 | 
Illegal Liqour

 

Udaipur Times, Rajasthan News: प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की ओर से विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की जा रही कार्रवाई में 1 से 4 नवम्बर तक प्रदेशभर में 488 अभियोग दर्ज किए गए और 78 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

अभियान के दौरान आबकारी विभाग ने 6 दुपहिया वाहन जब्त किए। कार्रवाई में 3 लाख 38 हजार 966 रुपए कीमत की 1246 लीटर देशी शराब, 5 लाख 62 हजार 890 रुपए की 7054 लीटर भारत निर्मित विदेशी शराब और 85 हजार 65 रुपए की 370 लीटर बीयर जब्त की गई। इसके अलावा 4049 लीटर हथकड़ शराब बरामद की गई, जबकि 98 हजार 365 लीटर वॉश नष्ट किया गया।

बांसवाड़ा में 2100 लीटर वॉश नष्ट, दौसा में 5 भट्टियां ध्वस्त

अभियान के तहत बांसवाड़ा में आबकारी टीम ने 2100 लीटर वॉश नष्ट कर शराब बनाने की 3 भट्टियां ध्वस्त कीं। मौके से हथकड़ शराब की 53 बोतलें भी जब्त की गईं। दौसा में 2500 लीटर वॉश नष्ट करने के साथ 5 शराब की भट्टियां नष्ट की गईं और 55 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त की गई।

चूरू के राजगढ़ और सुजानगढ़ में हरियाणा में बिक्री के लिए निर्धारित माल्टा देशी शराब की 60 बोतलें और 60 पव्वे जब्त किए गए। सुजानगढ़ में 200 लीटर वॉश नष्ट कर मामला दर्ज किया गया। भरतपुर के डीग में हरियाणा में बिक्री के लिए निर्धारित रॉकफोर्ड क्लासिक सुपर प्रीमियम व्हिस्की की 21 हाफ बोतलें जब्त की गईं।

जयपुर में देशी शराब के 353 पव्वे और 2 लीटर हथकड़ शराब जब्त कर 4 मामले दर्ज किए गए। बीकानेर के खाजूवाला, लूणकरणसर और शहर क्षेत्र में देशी शराब के 333 पव्वे जब्त किए गए। जोधपुर ग्रामीण में 62, पीपाड़ में 25 और फलोदी में 21 पव्वे जब्त किए गए। लूणी क्षेत्र में 2 लीटर हथकड़ शराब भी बरामद हुई।

नागौर के मेड़ता में 1500 लीटर वॉश नष्ट कर 57 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। परबतसर, डीडवाना, बिछावा और नावां में भी कार्रवाई की गई। राजसमंद के देवगढ़ और कामलीघाट में 150 लीटर वॉश नष्ट कर देशी शराब के 27 पव्वे और 5 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ में 1500 लीटर वॉश नष्ट कर अवैध हथकड़ शराब जब्त की गई। सूरतगढ़ में हाईवे पर अवैध साइन बोर्ड और विज्ञापन बोर्ड के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

आबकारी विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में गश्त, नाकाबंदी और दबिश के जरिए अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी है। अभियान में आबकारी विभाग के जोनल और जिला स्तर के अधिकारियों के साथ आबकारी निरीक्षक एवं निरोधक दल शामिल हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News