राजसमंद मे खाई में पलटी फॉर्च्यूनर से 489 किलो डोडाचूरा, पिस्टल और 5 कारतूस बरामद

 | 
Rajsamand Crime

 

Udaipur Times, Crime News: राजसमंद जिले में सड़क किनारे खाई में पलटी एक फॉर्च्यूनर कार को देखकर राहगीरों को लगा कि कोई सड़क हादसा हुआ है, लेकिन जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार की तलाशी ली तो अंदर से मादक पदार्थों की बड़ी खेप और हथियार बरामद हुए। पुलिस ने कार से 489 किलो 420 ग्राम अवैध डोडाचूरा, एक देशी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। जब्त डोडाचूरा की बाजार कीमत करीब 74 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार 22 नवंबर 2026 की रात चारभुजा थाना क्षेत्र के मानावतों का गुड़ा–नीचला घाटड़ा रोड पर मोगेला के पास सड़क किनारे खाई में सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार पलटी हुई मिली थी। पुलिस ने जेसीबी की सहायता से कार को सीधा करवाया। इस दौरान कार का पिछला गेट खुला हुआ था और अंदर काले रंग के प्लास्टिक के कट्टे दिखाई दिए। पुलिस ने कट्टों की जांच की तो उनमें डोडाचूरा भरा हुआ मिला।    

कार में कुल 24 कट्टे मिले, जिनका वजन 489 किलो 420 ग्राम निकला। तलाशी के दौरान खलासी साइड के डैशबोर्ड से एक देशी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद हुए।

कार चालक मौके से फरार मिला। पुलिस ने फॉर्च्यूनर कार सहित मादक पदार्थ और हथियार जब्त कर चारभुजा थाने में प्रकरण संख्या 206/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मामला दर्ज किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में पाली डीएसटी, राजसमंद डीएसटी और चारभुजा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। मामले की अग्रिम जांच केलवाड़ा थाना अधिकारी तेजकरण चारण को सौंपी गई है। पुलिस फरार चालक की तलाश और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News