उदयपुर में अवैध ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए हिस्ट्रीशीटर समेत 5 गिरफ्तार

 | 
arrest

Udaipur Times, Crime News: 30 मई 2026 उदयपुर जिले के भींडर थाना पुलिस ने अवैध ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव मदनपुरा स्थित हिस्ट्रीशीटर अरविंद सिंह पाटिया के फार्म हाउस पर कुछ लोग इकट्ठा होकर जुआ और सट्टा खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध जुआ एवं ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अरविंद सिंह पुत्र भैरू सिंह, अंकित पुत्र भंवरलाल लोहार निवासी खेराखेड़ा, सूर्यप्रताप सिंह पुत्र शिवसिंह निवासी बापूनगर जिला भीलवाड़ा, रमेश सिंह पुत्र नृपत सिंह मेघवाल निवासी केरिया चितलवाना जिला जालोर तथा कमलेन्द्र गिरी पुत्र नक्षत्रगिरी गोरखाणी निवासी भींडर शामिल हैं।

पुलिस ने मौके से जुआ-सट्टा खेलने में प्रयुक्त सामग्री भी जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 112(2), 61(2) तथा राजस्थान सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1949 की धारा 3 और 4 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा अवैध सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News