हत्या के आरोप में शिक्षक सहित 6 आरोपी गिरफ्तार
पाटिया थाना क्षेत्र घात लगाकर की थी युवक की हत्या
उदयपुर 18 अगस्त 2025। ज़िले के पाटिया थाना क्षेत्र में हुई एक बड़ी वारदात में बदमाशों ने घात लगाकर एक युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मात्र चार दिन में एक सरकारी शिक्षक सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रार्थी सौमेश्वर भगोरा ने रिपोर्ट दी कि 12 अगस्त 2025 की रात उसका भाई नवीन और गोविन्द क्रूजर गाड़ी से आ रहे थे। रात करीब 9 बजे जब वे मालीफला पंचायत पुल के पास पहुंचे तो 10 से 15 हथियारबंद बदमाशों ने घात लगाकर उनकी गाड़ी रुकवाई। इसके बाद नवीन को नीचे उतारकर कुल्हाड़ी, बीयर की बोतल, चाकू, लोहे की रॉड और लाठियों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। आरोपियों में जहेश, धर्मेन्द्र, शैलेश, ब्रजेश, ललित समेत कई अन्य शामिल थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एसपी योगेश गोयल ने कहा, “यह एक बेहद निर्मम और सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या थी। हमारी टीमों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए और मात्र चार दिन में एक सरकारी शिक्षक सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उदयपुर पुलिस यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि ऐसे अपराधी जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में आएं।”
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल और वृताधिकारी ऋषभदेव राजीव राहर के सुपरविजन में थानाधिकारी पाटिया देवेंद्र सिंह राव और उनकी टीम ने तकनीकी सहयोग और गोपनीय सूचना जुटाकर आरोपियों को खडकाया के जंगलों से दबोचा। पूछताछ में हत्या की साजिश का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि मृतक नवीन और आरोपी आपस में मित्र थे लेकिन कुछ दिन पहले हुए विवाद के चलते आरोपियों ने उसकी रैकी कर घात लगाकर हमला कर दिया। सभी आरोपी अलग-अलग हथियारों से लैस थे।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं
1. बालकृष्ण पुत्र अमृतलाल निवासी मालीफला उखेड़ी, पाटिया, उदयपुर
2. शैलेश कुमार पुत्र जीवा निवासी मालीफला उखेड़ी, पाटिया, उदयपुर
3. ब्रजेश पुत्र लक्ष्मण लाल निवासी मालीफला उखेड़ी, पाटिया, उदयपुर
4. धर्मेन्द्र कुमार पुत्र थावरचंद निवासी मालीफला उखेड़ी, पाटिया, उदयपुर
5. गणेशलाल पुत्र अरजी निवासी मालीफला उखेड़ी, पाटिया, उदयपुर
6. जहेश पुत्र अमृतलाल निवासी मालीफला उखेड़ी, पाटिया, उदयपुर (सरकारी शिक्षक)
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
