Udaipur Times, Crime News: उदयपुर जिले की गोगुंदा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कारों से करीब 95 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों कारों को जब्त कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई 14 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे नेशनल हाईवे-27 पर उदयपुर-पिंडवाड़ा रोड स्थित बायण माता कट पर की गई। यहां नाकाबंदी के दौरान पुलिस को ग्रे रंग की ब्रेजा कार (RJ 20 CE 6911) तेज रफ्तार से आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नाकाबंदी तोड़कर पिंडवाड़ा की ओर भागने लगा।
पुलिस टीम ने कार का पीछा करते हुए सड़क पर स्टॉप स्टिक बिछाई, जिससे कार के टायर पंचर हो गए। इसके बावजूद चालक कार को सर्विस रोड पर भगाता रहा। पुलिस की लगातार घेराबंदी के बीच चालक गणेशजी गुड़ा से आगे मोड़ी रोड के पास सुनसान जगह पर कार छोड़कर खेतों और पहाड़ियों की ओर फरार हो गया। तलाशी में कार से दो कट्टों में भरा 48 किलो 730 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि सेमटाल गांव से आगे सुनसान इलाके में एक कार लावारिस हालत में खड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को वहां सफेद रंग की हुंडई आई-10 कार (GJ 01 KN 1608) मिली। तलाशी लेने पर कार की डिक्की में रखे तीन कट्टों से 45 किलो 720 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ।
दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 94 किलो 450 ग्राम डोडा चूरा और दोनों कारें जब्त की हैं। पुलिस अज्ञात तस्करों की तलाश में जुटी है। कार्रवाई थानाधिकारी प्रवीण सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने की।