नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
खेरवाड़ा थाना पुलिस की कार्यवाही
उदयपुर में खेरवाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार निचला खेरवाड़ा निवासी पवन कुमार भाटिया (22) पुत्र धीरज भाटिया को गिरफ्तार किया गया। हालांकि नाबालिग की माता ने दो युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने उसकी मामले में कोई भूमिका नहीं होना बताकर छोड़ दिया है।
डिप्टी डूंगरसिंह चूंडावत ने बताया कि दूसरे युवक की मामले में कोई भूमिका नहीं है। हालांकि नाबालिग की माता ने एफआईआर में उस युवक का भी नाम लिखा था लेकिन हमने सीसीटीवी सहित अन्य जांच की तो स्पष्ट हुआ कि उसकी कोई भूमिका नहीं है। आगे जांच की जा रही है।
ये है पूरा मामला
मामला 21 दिसम्बर 2022 का है जब रोज की तरह छात्रा स्कूल पढ़ने के लिए गई थी। स्कूल की छुट्टी के बाद वह अपनी सहेली के आने का इंतजार कर रही थी। तभी स्कूटी पर आए निचला खेरवाड़ा निवासी पवन भाटिया छात्रा को जबरन स्कूटी पर बैठाकर एक गेस्ट हाउस में ले गया। जहां छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। वहीं घटना की जानकारी किसी अन्य को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई। नाबालिग ने अपने माता-पिता को पूरी घटना बताई इसके बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया।