राजसमंद में सहायक खनिज अभियंता (सर्तकता) 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

आवास एवं अन्य ठिकानों की तलाशी जारी

 | 
acb

18 जून। ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर राजसमंद इकाई द्वारा आज कार्यवाही करते हुये राजेन्द्र लालस सहायक खनिज अभियंता (सर्तकता), जिला राजसमंद को परिवादी से 50 हजार रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि ए.सी.बी. की राजसमंद इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसके गिट्टी क्रेशर प्लांट को सुचारू रूप से चलने देने एवं निरीक्षण के दौरान नाजायज परेशान नहीं करने की एवज में राजेन्द्र लालस सहायक खनिज अभियंता (सर्तकता)  जिला राजसमंद द्वारा 1 लाख रुपये रिश्वत राशि मांग कर परेशान किया जा रहा है।

जिस पर एसीबी, उदयपुर के उपमहानिरीक्षक पुलिस राजेन्द्र प्रसाद गोयल एवं पुलिस अधीक्षक राजीव पचार के सुपरवीजन एसीबी राजसमंद इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर आज उनकी टीम द्वारा ट्रेप कार्यवाही करते हुये राजेन्द्र लालस पुत्र चण्डीदान लालस निवासी बी–440, मोहननगर बीजेएस कॉलोनी, जोधपुर हाल निवासी कालिंदी विहार कांकरोली, राजसमंद हाल सहायक खनिज अभियंता (सर्तकता), जिला राजसमंद को परिवादी से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। 

उल्लेखनीय है कि आरोपी खनन अभियंता के अस्थाई निवास की तलाशी में 1 लाख 35 हजार रुपये नगद राशि भी बरामद की गई है।

एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम. एन. के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News