पैर से बुलेट का तोडा लॉक, वायरिंग से छेड़छाड़ कर उड़ाई बुलेट

घटना सीसीटीवी में कैद

 | 
bike theft

उदयपुर के सूरजपोल क्षेत्र में शुक्रवार रात बाइक पर आए दो चोर महज डेढ़ मिनट में ही बुलेट चोरी कर ले गए। बदमाश पहले सुनसान गली देखकर आए। इसके बाद एक चोर बुलेट पर बैठा और दीवार के सहारे हाथ टिकाकर महज़ 15 सेकेंड में पैर से हैंडल लॉक तोड़ दिया। इसके बाद आगे की वायरिंग में छेड़छाड़ कर बुलेट को स्टार्ट कर ले भागे। चोरी की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। 

दरअसल शुक्रवार रात करीब ढाई बजे उदयपुर के अशोका सिनेमा के सामने रंग भवन के पास पल्सर बाइक पर सवार होकर दो युवक आये। एक युवक वहां रुक गया और दूसरा वहां से रवाना हो गया। कुछ देर बाद युवक ने दीवार का सहारा लेकर पैर से बुलेट का हैंडल लॉक तोड़ दिया। आगे की वायरिंग से छेड़छाड़ कर बुलेट को स्टार्ट किया और लेकर फरार हो गया।

शनिवार सुबह बुलेट गायब मिलने पर CCTV कैमरे खंगालने पर मामला सामने आया। बुलेट के मालिक तनिष्क कुमावत रंग भवन में ही निवासरत हैं। रोज उसी जगह बुलेट खड़ी करते हैं। सूरजपोल पुलिस ने बताया कि बाइक चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। नववर्ष होने के चलते पुलिस जाब्ता रैली में व्यस्त था। जल्द ही आरोपियों को ​चिन्हित कर उनके बारे में पता कर रहे हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News