कंपनी के डाटा चोरी पर 11 जनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

फ्यूजन बिजनेस सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने प्रतापनगर थाने में दर्ज करवाया मामला 

 | 
fusion business solutions

उदयपुर 17 सितंबर 2022। मादडी इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित फ्यूजन बिजनेस सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कार्यालय से पिछले दिनों हुए डाटा चोरी के मामले में 11 जनों के खिलाफ प्रताप नगर थाने में एफ आई आर दर्ज करवाई गई है। डाटा चोरी के मामले में चंद्रशेखर यादव मुख्य मास्टरमाइंड बताया गया है। यादव इसी कंपनी में कार्यरत था।

कंपनी की डायरेक्टर श्वेता दुबे ने इस मामले को लेकर शनिवार को कंपनी के ऑफिस में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि चंद्रशेखर यादव उनकी कंपनी में कार्यरत थे और सबसे भरोसेमंद भी थे, लेकिन सफलता के शॉर्टकट अपनाने और कुछ लालच के चलते उन्होंने उदयपुर के ही राहुल छाबड़िया की कंपनी वर्चुअल बीन्ज़ को डाटा बेचा और उनके साथ मिलकर डाटा चोरी करने की साजिश रची। जिस कंपनी को उन्होंने डाटा बेचा जांच में वहीँ डाटा मिल भी गया है।

उन्होंने बताया कि जिस क्लाइंट का डाटा चोरी किया गया, वह क्लाइंट अमेरिका के है। डाटा चोरी की इस घटना से फ्यूजन बिजनेस सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड को करोड़ों का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा हालांकि इसकी जांच पुलिस प्रशासन कर रहा है और जल्द ही इसकी सच्चाई सामने आएगी और जो भी लोग इस साजिश में शामिल होंगे वह भी बेनकाब होंगे। 

इस घटना के बाद कंपनी में डाटा को सुरक्षित रखने के लिए डाटा की सुरक्षा के कड़े कदम उठाए हैं। जिससे डाटा चोरी होने की संभावना क्षीण हो जाएगी। -डायरेक्टर श्वेता दुबे

फ्यूज़न के चीफ फाइनेंस एण्ड मार्केटिंग ऑफिसर कुलदीप भटनागर ने बताया कि एक बिजनेस को खड़ा करने में पूरी जिंदगी लग जाती है, लेकिन जो युवा उद्यमी अपना नया नया बिजनेस प्रारंभ करते हैं वह शॉर्टकट के जरिए सफलता प्राप्त करने की कोशिश करते हैं जोकि गलत है। बिजनेस में सफलता पाने के लिए एक एक सीढ़ी ही चढ़नी पड़ती है।

फ्यूजन एक बहुत बड़ी कंपनी है जो इंश्योरेंस बैंक सहित लगभग 15 क्षेत्रों में काम करती है और अलग-अलग क्षेत्रों से डाटा इकट्ठा कर डाटा सुरक्षित रखती हैं। कोई भी कंपनी हो वह अपने कर्मचारियों के भरोसे पर ही अपनी साख बनाती है और आगे बढ़ती हैं। अगर वहां का कोई कर्मचारी किसी लालच में आकर गलत काम करता है तो वो कंपनी के लिए तो नुकसान देह होता ही है बल्कि खुद अपने परिवार के लिए भी बहुत बड़ी मुसीबत खड़ी कर देता है।

श्वेता दुबे ने युवाओं से आग्रह किया कि वे अन्य कंपनियों द्वारा दिये जानें वाले प्रलोभन के झांसे में आ कर अपने भविष्य के साथ खिलवाड़ न करें।  
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News