टेम्पो चालक से एक लाख रूपये की लूट

24 घंटे में ही पुलिस के हत्थे चढ़े लूट के आरोपी 

 | 
crime

लूट की शत प्रतिशत रकम बरामद

उदयपुर 11 फरवरी 2022 । सूरजपोल थाना क्षेत्र में कल शाम साढ़े पांच बजे होटल लेरोई के सामने एक टेम्पो चालक से चाकू की नोक पर मारपीट कर एक लाख रूपये लूटने की घटना सामने आई।  जिस पर सूरजपोल थाना पुलिस ने महज़ 24 घंटे के अंदर ही घटना का पटाक्षेप करते लूटपाट के तीनो आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट की शत प्रतिशत रकम भी बरामद कर ली गई है। 

पुलिस उप अधीक्षक जरनैल सिंह ने बताया की सूरजपोल थाना इंचार्ज सुरेश विश्नोई के नेतृत्व में अलग अलग टीम गठित कर लूट की वारदात में लिप्त तीनो बदमाशों इमरान खान उर्फ़ डकैत पुत्र बाबू खान उम्र 37 वर्ष निवासी रज़ा नगर किशनपोल, रफीक हुसैन उर्फ़ भयु कुंजड़ा पुत्र जुम्मा हुसैन उम्र 29 निवासी ज़रीना नगर कच्ची बस्ती किशनपोल तथा सलीम खान उर्फ़ भालू पुत्र अब्दुल रहमान उम्र 42 वर्ष निवासी कृष्णा कॉलोनी सवीना को केवड़े की नाल से गिरफ्तार कर लिया गया है। 

वारदात का पर्दाफाश करने वाली टीम 
सूरजपोल थाना इंचार्ज सुरेश विश्नोई, हेड कांस्टेबल शरीफ खान, ओमवीर सिंह, कांस्टेबल सुमेर सिंह, शक्ति सिंह, प्रवीण कुमार, राघवेंद्र, हरफूल, शिव कुमार  और हेमंत की टीम ने वारदात का पर्दाफाश घटना कारित होने के 24 घंटे में ही खुलासा कर दिया, जिसमे कांस्टेबल सुमेर सिंह और चालक कांस्टेबल शिवकुमार की विशेष भूमिका रही।  

क्या है घटना ?

दरअसल कल शाम करीब साढ़े पांच बजे टेम्पो चालक मोहम्मद शकील टेम्पो लेकर रेलवे स्टेशन की तरफ़ जा रहा था तभी होटल लेरोई के सामने इमरान उर्फ़ डकैत, रफीक उर्फ़ भयु कुंजड़ा और सलीम उर्फ़ भालू ने टेम्पो रुकवाकर चालक शकील को नीचे उतार दिया। रफीक के हाथ में चाकू था जिसके हत्थे से उसने शाईकल के सर व् ललाट पर मारना शुरू कर दिया। वहीँ इमरान और सलीम ने लातो मुक्को से मारपीट मरते हुए तीनो ने जैकेट के अगले जेब में रखी प्लास्टिक की काले रंग की थैली लूट ली जिसमे एक लाख रूपये, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य कागज़ छीन कर फरार हो गए। 

लूट की शत प्रतिशत राशि बरामद की 

घटना में लूटी गई शत प्रतिशत राशि यानि एक लाख की नकदी अभियुक्तों से बरामद कर ली गयी है। पुलिस ने बताया की अब तक की पूछताछ में अभियुक्तों ने नशे की हालत में स्वयं के नशे के लिए नशीले पदार्थ खरीदने के लिए उक्त अपराध करना स्वीकार किया है। घटना के सम्बन्ध में गहन पूछताछ जारी है।  

आदतन अपराधी और नशेड़ी ही तीनो आरोपी 

पुलिस ने बताया की तीनो आरोपी नशीले पदार्थ सेवन करने के और लूटपाट की घटनाए करने के आदि है। इमरान उर्फ़ डकैत के खिलाफ लूट, चोरी, मारपीट, अपहरण, आर्म्स एक्ट, जुआ एवं लपकागिरी के करीब 24 प्रकरण, रफीक उर्फ़ भयु के खिलाफ जुआ और लपकागिरी के आधा दर्जन केस शहर के विभिन्न थानों में दर्ज है।     

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News