पेपर लीक प्रकरण - 57 में से 38 की रिमांड पांच दिन और बढ़ाई
उदयपुर 29 दिसंबर 2022 । सेकंड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा पेपर लिखकर मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए 57 लोगों में से 38 लोगों को पुलिस ने आज कोर्ट के समक्ष पेश किया जहां उनके रिमांड अवधि को अगले 5 दिन के लिए बढ़ा दिया गया है।
उदयपुर एसपी विकास शर्मा ने बताया कि इन सभी 38 आरोपियों से अभी भी पेपर लीक मामले में लगातार पूछताछ की जा रही है और आगे भी उनसे मिली जानकारी के अनुसार बड़े खुलासे होने की संभावना है।
पुलिस ने बुधवार को सुखेर थाना क्षेत्र की होटल से गिरफ्तार 10 लोगों में से एक आरोपी सरोज खोखर के पिता और ड्राइवर को पेपर लीक गिरोह से सांठगांठ कर अपनी बेटी के लिए पेपर उपलब्ध कराने के आरोप में गिरफ्तार किया जिसके बाद अब तक कुल 57 लोग इस मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं जिसमे गिरोह का एक सरगना सुरेश विश्नोई भी शामिल है।
गौरतलब है कि 24 दिसंबर उदयपुर पुलिस द्वारा बेकरिया थाना इलाके से एक बस से कुल 44 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उनसे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अगले दिन 10 और आरोपियों को गिरफ्तार किया था, सभी के पास सामान्यज्ञान का पेपर बरामद हुआ था जिन्हें पेपर सॉल्व करते हुए पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा था।
