पेपर लीक मामले के मास्टर माइंड भूपेन्द्र की गर्लफ्रेंड और पत्नी को पुलिस ने पकड़ा
कब्जे से बड़ी मात्रा में फर्जी डिग्रीयां ज़ब्त
उदयपुर में आरपीएससी सेकंड ग्रेड टीचर भर्ती पेपर लीक मामले में रोज कोई ना कोई नए खुलासे होते ही ज़ा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को पुलिस द्वारा इस गिरोह के 3 मास्टर माइंड में से एक माने जाने वाले मास्टर माइंड भूपेन्द्र सारण की गर्लफ्रेंड को जयपुर से पुलिस द्वारा पकड़ने की बात सामने आई है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में दोनों ही फरार मास्टर माइंड सुरेश ढाका और भूपेन्द्र सारण की गिरफ्तारी करने के लिए उदयपुर और जयपुर पुलिस की एक ज्वाइंट टीम का गठन किया गया है। जिसमें एसपी और एडिशनल एसपी स्तर के सीनियर अधिकारी शामिल हैं।
इस टीम द्वारा मंगलवार को भूपेन्द्र सारण की जालोर निवासी गर्लफ्रेंड प्रियंका विश्नोई को गिरफ्तार किया है। अब पुलिस प्रियंका के कॉल डिटेल्स के आधार पर भूपेन्द्र तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। भूपेन्द्र शादीशुदा है। पेपर लीक प्रकरण में भूपेन्द्र की गर्लफ्रेंड प्रियंका के लिप्त होने की संभावना भी जताई जा रही है। साथ ही पुलिस को प्रियंका की गिरफ्तारी के बाद और अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
उदयपुर एसपी विकास शर्मा ने बताया कि दो दिन पहले सामने आए बस के सीसीटीवी फुटेज को लेकर प्राथमिक रूप से यही माना जा रहा है कि यह बस पहले एक बैच को पेपर सॉल्व कराने के लिए आई थी। हालांकि इसकी पुष्टि करने के लिए गहनता से जांच जारी है।
सुरेश विश्नोई बोला, भूपेन्द्र वाट्सऐप पर भेजता था पेपर
पुलिस रिमांड पर चल रहे हैड मास्टर सुरेश विश्नाई ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसका साथी भूपेन्द्र सारण ही उसे एग्जाम से पहले वॉटृसऐप पर पेपर भेजता था। इससे पहले भी लीक हुए पेपर भूपेन्द्र ने ही उसे पहुंचाए थे। हालांकि सुरेश यह नहीं बता पाया कि भूपेन्द्र के पास पेपर कहां से आया था और किसने उसे भेजा था। पूछताछ के बाद उदयपुर और जयपुर पुलिस की टीमों ने भूपेन्द्र की गिरफ्तारी के लिए अब जयपुर, जालोर, जोधपुर में दबिश देना शुरू कर दिया है।
जीएनएम और कांस्टेबल पेपर लीक में भी भूपेन्द्र था शामिल
भूपेन्द्र सारण जयपुर में रेलवे की नौकरी कर रहा था, 2011 में सबसे पहले जीएनएम भर्ती पेपर आउट होने पर इसका नाम पहली बार सामने आया था। इसके बाद रेलवे से इसे निलंबित कर दिया गया था। लंबे समय से फरार चलने के बाद इसको गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल से बाहर आने के बाद साल 2022 में हुई पुलिस कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक में भी इसकी लिप्तता सामने आई थी। इसके बाद से भूपेन्द्र फरार चल रहा था। भूपेन्द्र सारण का जयपुर में 200 फीट रोड बाइपास के पास 4 मंजिला आलीशान घर है। जिसमें सुईट भी बने हुए हैं। वह लग्जरीयस लाइफ एन्जॉय करने का शौकीन बताया जा रहा है।
पुलिस उपअधीक्षक चेतना भाटी ने बताया कि सेकंड ग्रेड भर्ती एग्जाम में गिरफ्तार हुई सभी महिला अभ्यर्थियों से पूछताछ जारी है। जिसमें ज्यादातर अभ्यर्थियों ने बताया कि वे सीधे तौर पर सुरेश विश्नोई के सम्पर्क में नहीं थी। किसी को चाचा, अंकल या ताउजी के जरिए पता लगा तो किसी को उनके परिचित या दोस्त ने एग्जाम से पहले पेपर दिलाने के बारे में बताया था। हालांकि पुलिस ने मंगलवार को इन सभी महिला अभ्यर्थियों की पुलिस रिमांड अवधि समाप्त होने पर कोर्ट के समक्ष पेश किया था जहां से उनकी रिमांड को दो दिन अधिक बढ़ा दिया गया है।
अभ्यर्थियों के भी कॉल डिटेल्स खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए सभी अभ्यर्थियों की कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही है। किसने अभ्यर्थी ने पेपर के लिए कब, किससे बात की। इसका पता लगाया जा रहा है। इस आधार पर मुख्य आरोपियों तक पहुंचा जा सकता है।
