Udaipur Times, Crime News: सुखेर थाना पुलिस ने डांगियों का गुड़ा गांव में एक ही रात में पांच मंदिरों और तीन मकानों में चोरी करने वाली गैंग के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया है। आरोपी दुर्गेश उर्फ दुर्गा लाल पर पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस ने उसे 15 नवंबर को ओगणा क्षेत्र के घने जंगलों से दबिश देकर पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि को सुखेर थाना क्षेत्र के डांगियों का गुड़ा गांव में अज्ञात बदमाशों ने पांच मंदिरों और तीन बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर मंदिरों से चांदी की मूर्तियां, चांदी के छत्र और दानपेटियां तोड़कर नकदी ले गए थे। मामले में बंशीलाल डांगी की रिपोर्ट पर सुखेर थाने में प्रकरण संख्या 423/2026 दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता और ग्रामीणों की मांग को देखते हुए एसपी डॉ. अमृता दुहन ने विशेष पुलिस टीम गठित की थी। पुलिस ने पहले ही गैंग के तीन सदस्यों मेघाराम, कमलेश और भैराराम को गिरफ्तार कर चोरी की गई मूर्तियां और पूजा का सामान बरामद कर लिया था। हालांकि, गैंग का मुख्य सरगना दुर्गेश फरार चल रहा था।
पुलिस ने दुर्गेश की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी ओगणा थाना क्षेत्र के शीतला घाटी गांव का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, गांव में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा नहीं होने और आसपास घने जंगल व दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बच रहा था। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और कांस्टेबल अचलाराम के विशेष प्रयासों से मिली सूचना के आधार पर 15 नवंबर को ओगणा के जंगलों में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुर्गेश उर्फ दुर्गा लाल पुत्र काना रामा निवासी शीतला घाटी पड़ावली, थाना ओगणा, उदयपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पूर्व में ओगणा थाने में आर्म्स एक्ट और नाथद्वारा थाने में नकबजनी व चोरी के मामले दर्ज हैं, जिनमें चालान पेश हो चुके हैं।
कार्रवाई एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी राजेश यादव के सुपरविजन में थानाधिकारी भरत योगी के नेतृत्व में की गई।