बांसवाड़ा मे 5 माह की मासूम का अपहरण, पुलिस ने 3 घंटे में सुरक्षित बरामद किया

 | 
Latest News from  Banswara, Banswara Crime,  Banswara Police News

 

Udaipur Times, Crime News:  बांसवाड़ा के राजतालाब थाना क्षेत्र के ठिकरिया स्थित महावीर कॉलोनी में पांच माह की मासूम बच्ची के अपहरण की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज तीन घंटे में बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया। बच्ची को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे राजतालाब थाने में सन्नू यादव की पांच माह की बच्ची को कोई उठाकर ले जाने की सूचना मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं और अधिकारी मौके पर पहुंचे।

पुलिस टीमों ने करीब 40 से 50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही सीडीआर और लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की। फुटेज में एक अज्ञात महिला बच्ची को लेकर जाती दिखाई दी। पुलिस ने उसकी पहचान कर संभावित ठिकानों पर तलाश की।

जांच में सामने आया कि बच्ची को लेकर जाने वाली महिला पीड़ित परिवार की पड़ोसी है। वह बच्ची को लेकर करीब 15 किलोमीटर दूर तलवाड़ा के पास पहुंच गई थी। पुलिस ने महिला और बच्ची दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया। बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है। महिला बच्ची को किस उद्देश्य से लेकर गई थी, इसकी जांच की जा रही है।

एसपी ने बताया कि कार्रवाई में राजतालाब थाना पुलिस के साथ डीवाईएसपी, एडिशनल एसपी तथा सदर, आंबापुरा और कलिंजरा थाना पुलिस की टीमें जुटी रहीं। आरोपी महिला के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बच्ची के सुरक्षित मिलने पर मां सन्नू यादव और परिवार ने राहत की सांस ली। मां ने पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिसकर्मी रातभर बच्ची की तलाश में जुटे रहे और परिवार की मदद भी की। परिवार ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News