खान विभाग की नीलामी में 50 लाख की फर्जी बैंक गारंटी पेश करने का मामला दर्ज
रिपोर्ट के आधार पर भूपालपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
Udaipur Times News Crime News, उदयपुर 20 नवंबर 2026 । खान एवं भू-विज्ञान विभाग की नीलामी में 50 लाख रुपए की फर्जी बैंक गारंटी पेश करने का मामला सामने आया है। भूपालपुरा थाना पुलिस ने बोलीदाता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अधीक्षण भूवैज्ञानिक ट्राइबल कार्यालय के अधिकारी हरिसिंह नाथावत ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि विभाग ने बांसवाड़ा के गरारिया ब्लॉक सहित अन्य खनन ब्लॉकों की नीलामी के लिए निविदा जारी की थी।
इसमें रतलाम निवासी सैय्यद ओवैस अली ने भाग लिया और बिड सिक्योरिटी के रूप में 50 लाख रुपए की बैंक गारंटी प्रस्तुत की। बैंक गारंटी पर बैंक की सील, मोहर और हस्ताक्षर भी थे। Crime News
विभाग ने बैंक से गारंटी की पुष्टि करवाई तो यस बैंक की ओर से ई-मेल के जरिए बताया गया कि उक्त बैंक गारंटी उनके बैंक द्वारा जारी नहीं की गई है। इसके बाद विभाग ने बोलीदाता को कारण बताओ नोटिस जारी किया। Udaipur News
बोलीदाता ने जवाब में बताया कि उसे बैंक गारंटी के फर्जी होने की जानकारी नहीं थी और उसके कर्मचारी ने गारंटी मंगवाई थी। विभागीय अधिकारी राजकुमार मीणा ने मुंबई जाकर बैंक से जानकारी ली, जहां बैंक ने गारंटी जारी करने से इनकार कर दिया।
रिपोर्ट के आधार पर भूपालपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।