उदयपुर पुलिस लाइन मे महिला पुलिसकर्मियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया

 | 
Fight Between Women Police in Udaipur

 

Udaipur Times, Crime News: उदयपुर पुलिस लाइन से महिला पुलिसकर्मियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस लाइन परिसर में महिला कांस्टेबल और महिला हेड कांस्टेबल के बीच हुई कथित मारपीट का वीडियो फुटेज अब सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक, घटना एक-दो दिन पहले सुबह करीब 8 बजे पुलिस लाइन स्थित पानी की टंकी के पास की बताई जा रही है। आरोप है कि महिला कांस्टेबल रेखा मीणा, बेल्ट नंबर 2215, ने कालिका टीम की इंचार्ज हेड कांस्टेबल दुर्गा के साथ मारपीट की।

बताया जा रहा है कि रेखा मीणा ने पहले पानी की टंकी के पास कथित तौर पर रेकी की और जैसे ही हेड कांस्टेबल दुर्गा वहां पहुंचीं, उनके साथ मारपीट कर दी।

मारपीट में घायल दुर्गा को पहले हिरणमगरी सेटेलाइट अस्पताल और बाद में महाराणा भूपाल अस्पताल ले जाने की बात सामने आई है। उनके चेहरे पर चोट और सूजन होने की जानकारी है।

मामले में दुर्गा ने सूरजपोल थाने में ड्यूटी ऑफिसर एएसआई शीशराम को रिपोर्ट सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

लेकिन अब इस पूरे मामले में कई सवाल खड़े हो रहे हैं। अगर थाने में रिपोर्ट दी गई है, तो अब तक FIR दर्ज क्यों नहीं हुई? क्या पुलिस विभाग के अधिकारी मामले को विभागीय स्तर पर ही निपटाने की कोशिश कर रहे हैं? क्या पुलिस लाइन परिसर में महिला पुलिसकर्मी के साथ हुई कथित मारपीट के मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होगी?

और सबसे बड़ा सवाल जब पुलिस ही कानून व्यवस्था लागू कराने की जिम्मेदारी निभाती है, तो पुलिस लाइन में हुई कथित मारपीट के मामले में कार्रवाई को लेकर इतनी चुप्पी क्यों है? इन सवालों के जवाब अब पुलिस विभाग की कार्रवाई और आधिकारिक बयान से ही साफ होंगे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News