महिला नेता से दुष्कर्म का मामला दर्ज

लॉ प्रोफेशनल के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट के तहत गंभीर आरोप
 | 
murder after rape

उदयपुर 13 फ़रवरी 2026। ज़िले में एक महिला नेता से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला ने एक लॉ प्रोफेशनल के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट के तहत गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में मामला दर्ज कराया है। पीड़िता ने गुरुवार शाम को पुलिस में रिपोर्ट दी।

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने बताया कि वह पिछले एक वर्ष से आरोपी के कार्यालय में जूनियर के रूप में कार्यरत थी। आरोपी वकालत के कार्य और क्लाइंट्स से मुलाकात के लिए उसे कार से साथ ले जाता था। करीब चार महीने पहले आरोपी ने उसे कार्यालय बुलाया और कोल्ड ड्रिंक दी। पेय पदार्थ पीने के बाद उसका सिर चकराने लगा। लगभग आधे घंटे बाद जब उसे होश आया तो उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे।

पीड़िता का आरोप है कि होश में आने पर आरोपी हंसने लगा और कहा कि उसने उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया है। आरोपी ने धमकी दी कि यदि वह उसकी बात नहीं मानेगी तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। घटना के बाद पीड़िता 2-3 दिन तक कार्यालय नहीं गई। इसके बाद आरोपी ने उसे फोन कर फिर कार्यालय बुलाया और दोबारा वीडियो साझा करने की धमकी दी।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ की कार्रवाई की जा रही है।