महाराणा भूपाल अस्पताल परिसर स्थित नर्सिंग क्वार्टर में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात

अलमारी से करीब 12 तोला सोने व आधा किलो चांदी के आभूषण हुए चोरी 
 | 
theft

 

Udaipur Times  News , Crime News, उदयपुर 17 नवंबर 2026  -  जिले के महाराणा भूपाल अस्पताल परिसर स्थित नर्सिंग क्वार्टर में मंगलवार को दिनदहाड़े चोरी की वारदात हो गई। चोरों ने पहली मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 6 का मुख्य दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी से करीब 12 तोला सोने व आधा किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।

वारदात सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच हुई। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर थे।

चोरी का पता नर्सिंग ऑफिसर निर्मला प्रजापत को तब चला, जब वे दोपहर करीब पौने 2 बजे अपनी बच्ची को लेने घर पहुंचीं। मुख्य दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगी हुई थी, लेकिन ताला टूटा हुआ था। चोर ताला तोड़कर अपने साथ ले गए थे।

अंदर पहुंचने पर घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था।

निर्मला प्रजापत के पति दशरथ प्रजापत भी नौकरी पर गए हुए थे, जबकि उनकी बच्ची स्कूल गई थी। परिवार के अनुसार चोर अलमारी में रखे करीब 12 तोला सोने और आधा किलो चांदी के आभूषण ले गए। चांदी के कुछ पायजेब दूसरे डिब्बे में रखे होने के कारण वहीं छूट गए।

निर्मला ने बताया कि उनकी जीवनभर की मेहनत की कमाई चोरी हो गई। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी हुए आभूषण बरामद करवाने की मांग की है।

## 32 क्वार्टर की बिल्डिंग में सीसीटीवी कैमरे तक नहीं

चोरी की वारदात बिल्डिंग की पहली मंजिल पर हुई, जहां कुल 8 क्वार्टर हैं। चार मंजिला इस इमारत में कुल 32 क्वार्टर बने हुए हैं। इसके बावजूद किसी पड़ोसी को वारदात की भनक तक नहीं लगी। हैरानी की बात यह है कि पूरी बिल्डिंग में कहीं भी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हुए हैं।

महाराणा भूपाल अस्पताल संभाग का सबसे बड़ा अस्पताल है। ऐसे भीड़भाड़ वाले अस्पताल परिसर में नर्सिंग स्टाफ के आवास में दिनदहाड़े चोरी होने से परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News