उदयपुर मे धोखाधड़ी से फ्लैट बेचने के 15 साल से फरार आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार
Udaipur Times, Crime News: उदयपुर शहर के धानमंडी थाना पुलिस ने फ्लैट बेचने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में करीब 15 साल से फरार चल रहे आरोपी दंपती को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर पुलिस ने 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। लंबे समय से पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल पा रहा था।
थानाधिकारी गजवीर सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हकीमुद्दीन पिता ताहिर अली बोहरा निवासी नाथद्वारा और उसकी पत्नी शमीमा बोहरा निवासी गुलाबेश्वर मार्ग उदयपुर को महाराष्ट्र के नेरल से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार हकीमुद्दीन बोहरा हाथीपोल थाने के चार स्थाई वारंटों में वांछित था, जबकि उसकी पत्नी शमीमा बोहरा के खिलाफ दो स्थाई वारंट जारी थे।
फ्लैट बेचने के नाम पर लिए थे 6 लाख रुपए
मामला वर्ष 2011 का है। परिवादी इरशाद अली पिता सैयद मुर्तजा अली निवासी पठानवाड़ी ने इस्तगासे के जरिए थाने में शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार हकीमुद्दीन और उसकी पत्नी शमीमा का उदयपुर के गुलाबेश्वर मार्ग स्थित एक आवासीय बहुमंजिला इमारत में फ्लैट था।
ग्राउंड फ्लोर स्थित फ्लैट नंबर-1 में दो बेडरूम, किचन, डायनिंग रूम और बालकनी थी। इसका कुल क्षेत्रफल करीब 693 वर्ग फीट बताया गया। आरोपियों ने फ्लैट को 10 लाख रुपए में बेचने का सौदा तय किया था।
शिकायत के अनुसार, सौदे के तहत परिवादी से आरोपियों ने पहले 2 लाख रुपए ले लिए। इसके बाद शेष राशि देने पर उसके नाम रजिस्ट्री करवाने की बात कही गई।
दस्तावेज किसी अन्य व्यक्ति के पास होने की बात कही
बाद में आरोपियों ने परिवादी को बताया कि मकान के मूल दस्तावेज किसी अन्य व्यक्ति के पास हैं और उन्हें छुड़ाने के लिए 4 लाख रुपए देने होंगे। इसके बाद 29 सितंबर 2010 को परिवादी से 4 लाख रुपए और लेकर 100 रुपए के स्टाम्प पर लिखापढ़ी की गई।
परिवादी के अनुसार, इसके बावजूद फ्लैट की रजिस्ट्री उसके नाम नहीं करवाई गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए। जब परिवादी उनके फ्लैट पर पहुंचा तो वहां ताला लगा हुआ मिला। आरोप है कि दोनों आरोपी रकम लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने तकनीकी सूचना के आधार पर दोनों को महाराष्ट्र के नेरल से पकड़ लिया। पुलिस अब दोनों आरोपियों से मामले में आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई कर रही है