उदयपुर 1 मार्च 2025। गोगुंदा बेकरिया थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगरेप, अपहरण, मारपीट और SC/ST एक्ट के तहत दर्ज मामले में तीन साल से फरार दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। ये दोनों आरोपी वारदात के बाद से लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहे थे।
बेकरिया थानाधिकारी उत्तम सिंह ने बताया कि 11 फरवरी 2022 की रात थाना क्षेत्र की 15 वर्षीय नाबालिग अपने भाई के साथ भेरूजी के जागरण से लौट रही थी। इसी दौरान सुखा अंबा पुल के पास उसे जबरन अगवा कर जंगल में ले जाया गया, जहां गोविंद भारती, कमलेश भारती, सुरेश गरासिया और अन्य लड़कों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस मामले में 14 फरवरी 2022 को पीड़िता के पिता ने बेकरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।
तत्कालीन कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन विक्रम भारती पिता शिव भारती और प्रकाश भारती पिता शिव भारती, निवासी मेवाड़ों का मठ, घटना के बाद से फरार चल रहे थे।
मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी
तीन साल से आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को हाल ही में एक महत्वपूर्ण सुराग मिला। उदयपुर पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। बेकरिया थाना अधिकारी उत्तम सिंह और वृत्ताधिकारी राजेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में यह टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने उदयपुर और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान तेज किया और दोनों आरोपियों को जंगलों में छिपे होने की पुख्ता जानकारी मिलने पर दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों को गोगुंदा न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है, जहां उनसे आगे की पूछताछ जारी है। इस दौरान टीम में कोटडा DYSP राजेंद्र सिंह राठौड़, बेकरिया थाना अधिकारी उत्तम सिंह और कांस्टेबल जोधाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal