उदयपुर में अपहरण और हत्या के मामले में 3 माह से फरार आरोपी नासिक से गिरफ्तार
UdaipurTimes, Aug 9, 2026 | Udaipur Crime Update: उदयपुर के ओगणा थाना पुलिस ने जीजा के अपहरण और हत्या के मामले में तीन माह से फरार चल रहे आरोपी को महाराष्ट्र के नासिक से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और तलवार भी बरामद की है। मामले में पुलिस पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार 29 अप्रैल 2026 को चौखला बारा निवासी विरमचन्द गमेती ने ओगणा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि रात करीब 9:15 बजे पांच आरोपी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पिन्टु के घर पहुंचे थे। आरोपियों के हाथों में तलवार थी। उन्होंने पिन्टु को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और उसका अपहरण कर ले गए। बाद में पिन्टु की हत्या कर दी गई। Udaipur Crime Update
रिपोर्ट के आधार पर ओगणा थाने में प्रकरण संख्या 57/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में जांच शुरू की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई और वृत्ताधिकारी झाड़ोल विवेक सिंह के सुपरविजन में ओगणा थानाधिकारी रामरूप मीना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू की। Udaipur Local Crime News
पुलिस टीम ने तकनीकी और अन्य सूचनाओं के आधार पर तीन माह से फरार चल रहे आरोपी सुनील उर्फ चुन्नीलाल पिता छगनलाल, उम्र 24 वर्ष, निवासी अम्बावी, थाना ओगणा को महाराष्ट्र के नासिक से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को उसका पीसी रिमांड मिला। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और तलवार बरामद कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है। Rajasthan Crime Update
पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में पूर्व में चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों और घटनाक्रम में शामिल लोगों की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
