13 वर्षो से फरार पोक्सो एक्ट का आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर 15 अप्रैल 2026। ज़िले के झाड़ोल क्षेत्र की फलासिया थाना पुलिस ने 13 वर्षों से फरार चल रहे पोक्सो एक्ट के एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए गुजरात के अहमदाबाद में नाम और हुलिया बदलकर रह रहा था। आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी और विशेष रणनीति अपनानी पड़ी।
पुलिस जवानों और अधिकारियों ने आरोपी के ठिकाने तक पहुंचने के लिए गुजरात के नवापुरा क्षेत्र में विद्युत मीटर रीडर और गैस एजेंसी कर्मचारी का भेष धारण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई, जिससे आरोपी के ठिकाने का सुराग मिला। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने अहमदाबाद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे उदयपुर लाकर न्यायालय में पेश किया गया।
यह मामला झाड़ोल के फलासिया थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने करीब 13 वर्ष पूर्व एक नाबालिग आदिवासी लड़की को खरीदकर एक माह तक उसके साथ दुष्कर्म किया था। उसके बाद पुलिस ने लड़की बेचने वालों को तो गिरफ्तार कर लिया था पर खरीदार मुख्य आरोपी फरार चल रहा था।
इस पूरी कार्रवाई को उदयपुर एसपी अमृता दुल्हन और झाड़ोल डिप्टी विवेक सिंह के निर्देशन में अंजाम दिया गया, जबकि फलासिया थाना अधिकारी सीताराम मीणा ने टीम का नेतृत्व किया। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे लंबे समय से लंबित मामले में अहम प्रगति हुई है।
#Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #RajasthanNews #CrimeNews #BreakingNews #PoliceAction #POCSO #Justice #IndiaNews #Jhadol #Falasiya #UdaipurPolice #RajasthanPolice #TribalArea #SouthRajasthan #CrimeInIndia #LawAndOrder #PoliceSuccess #UndercoverOperation #AccusedArrested #JusticeServed #TrendingNews #NewsUpdate #ViralNews #RealStory #PublicSafety #StayAware
