दिल्ली से गिरफ्तार हुआ दुष्कर्म का फरार आरोपी
चित्तौड़गढ़ ज़िले के कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस की कार्यवाही
चित्तौड़गढ़ 18 सितंबर 2025। निम्बाहेड़ा में महिला से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी राकेश खटीक को कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से अपना हुलिया बदलकर दिल्ली और ग्रेटर नोएडा इलाके में छिपकर रह रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें कहा गया कि करीब 6-7 साल पहले आरोपी राकेश कुमार चंदेल पुत्र मदनलाल खटीक निवासी खटीक मोहल्ला जावद (जिला नीमच, मध्यप्रदेश) से जान-पहचान हुई थी। आरोपी शादी का झूठा आश्वासन देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब महिला ने विरोध किया तो उसने फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। साथ ही महिला को ब्लैकमेल कर उसकी स्कूटी और करीब दो लाख रुपए भी हड़प लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी सरिता सिंह और डीएसपी बद्रीलाल राव के सुपरविजन में अनुसंधान अधिकारी कन्हैयालाल उप निरीक्षक और पुलिस टीम गठित की गई। टीम को सूचना मिली कि आरोपी फरारी काटते हुए दिल्ली और ग्रेटर नोएडा में रह रहा है। तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने आरोपी राकेश खटीक (42) को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
