टीड़ी और बड़गांव में एसीबी राजस्थान का जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सजा ग्राम योजना के तहत नागरिकों से निर्भीक होकर भ्रष्टाचार की शिकायत करने का आह्वान
उदयपुर 26, दिसंबर 2025 - भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजस्थान द्वारा राज्य सरकार की सजा ग्राम योजना एवं जन जागरूकता कार्यक्रम के तहत गुरुवार को टीड़ी सजा ग्राम एवं बड़गांव में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजस्थान, जयपुर के महानिदेशक गोविंद गुप्ता एवं उप महानिरीक्षक पुलिस रामेश्वर सिंह, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, उदयपुर रेंज, उदयपुर के निर्देशन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, उदयपुर एवं एसीबी उदयपुर की टीम ने सहभागिता निभाई। ग्राम पंचायत भवन टीड़ी एवं ग्राम पंचायत भवन बड़गांव में आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक एवं अन्य विभागों के अधिकारी, ग्राम पंचायतों के प्रशासक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सीएलजी सदस्य, अन्य प्रतिष्ठित व्यक्ति एवं सेवानिवृत्त अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजस्थान की सजा ग्राम योजना एवं जन जागरूकता कार्यक्रम की जानकारी दी गई तथा राजस्व ग्राम टीड़ी एवं बड़गांव को भ्रष्टाचार मुक्त बनाए जाने का आह्वान किया गया। इस दौरान एसीबी राजस्थान के टोल फ्री नंबर 1064, व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9413502834 एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, उदयपुर के मोबाइल नंबर 9829507217 की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को सरकारी कार्यों में किसी भी विभाग द्वारा रिश्वत मांगे जाने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने, निर्भीक होकर सूचना देने तथा शिकायतकर्ता अथवा सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखे जाने के संबंध में अवगत कराया गया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान विभागीय समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया और उपस्थित नागरिकों को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की कार्यप्रणाली एवं भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत की जाने वाली कार्रवाई की विस्तृत जानकारी देकर उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
