उदयपुर में ACB की ट्रैप कार्रवाई: ₹3,000 रिश्वत लेते ही कांस्टेबल हाईवे से फरार
Udaipur Times, Crime News: ACB चौकी स्पेशल यूनिट उदयपुर द्वारा कार्यवाही करते हुये आरोपी राजेन्द्र कुमार मीणा, कानिस्टेबल 3055, पुलिस थाना गोवर्धनविलास, उदयपुर को परिवादी से 3,000/- रूपये रिश्वत राशि ग्रहण करने पर डिटेन करने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी रिश्वत राशि ग्रहण कर नेशनल हाईवे पर ट्रेफिक के दबाव का फायदा उठाकर मोटरसाईकिल से फरार हो गया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि ब्यूरो के हेल्पलाईन नं 1064 पर शिकायत दर्ज करवाने के पश्चात दिनांक 19.07.2026 को ACB चौकी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, स्पेशल यूनिट, उदयपुर पर परिवादी द्वारा शिकायत प्रस्तुत की कि पुलिस थाना गोवर्धनविलास, उदयपुर पर उसके विरूद्ध मारपीट करने के संबंध में दर्ज शिकायत पर कार्यवाही नहीं करने की एवज में पुलिस थाना गोवर्धनविलास के पुलिसकर्मी राजेन्द्र कुमार मीणा द्वारा तीन हजार रूपये रिश्वत राशि की मांग की जा रही है।
जिस पर ACB के उप महानिरीक्षक पुलिस, डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में ACB स्पेशल यूनिट उदयपुर के प्रभारी अधिकारी राजीव जोशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में लक्ष्मण डांगी, पुलिस निरीक्षक द्वारा रिश्वत राशि मांग सत्यापन वार्ता की कार्यवाही की गई, जिसमें आरोपी राजेन्द्र कुमार मीणा कानिस्टेबल द्वारा परिवादी से उसके खिलाफ पुलिस थाना गोवर्धनविलास, उदयपुर में दर्ज शिकायत पर कार्यवाही नहीं करने की एवज में 3,000/- रूपये रिश्वत राशि की मांग की गई।
रिश्वत मांग सत्यापन की पुष्टि होने पर दिनांक 23.07.2026 को लक्ष्मण डांगी, पुलिस निरीक्षक मय टीम द्वारा अग्रिम ट्रेप कार्यवाही करते हुये आरोपी राजेन्द्र कुमार मीणा कानिस्टेबल द्वारा अपनी मांग अनुसार परिवादी से रिश्वत राशि 3,000/- रूपये ग्रहण करने पर डिटेन करने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी रिश्वत राशि ग्रहण कर नेशनल हाईवे पर ट्रेफिक के दबाव का फायदा उठाकर मोटरसाईकिल से फरार हो गया। आरोपी राजेन्द्र कुमार मीणा कानिस्टेबल बेल्ट नं. 3055, पुलिस थाना गोवर्धनविलास, उदयपुर की तलाश की जा रही है।
