राजसमंद: ACB ने पुलिस कर्मी को रिश्वत लेते पकड़ा

राजसमंद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक डॉ. सोनू शेखावत के नेतृत्व में की।

 | 
police station reader of khamnore police station was caught red handed by the acb while accepting a bribe of rs 20000

उदयपुर, अगस्त 4, 2025: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो इंटेलिजेंस उदयपुर की टीम ने एक कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना खमनोर, जिला राजसमंद में पदस्थापित थानाधिकारी के रीडर को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

ब्यूरो की टीम ने यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक डॉ. सोनू शेखावत के नेतृत्व में की। टीम ने थाना खमनोर के थानाधिकारी शैतान सिंह नाथावत के रीडर कृष्ण कुमार पुत्र सरदार राम निवासी सीकर को परिवादी से बीस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा।

बताया गया है कि आरोपी ने परिवादी से लूट के मामले में आरोपी नहीं बनाने तथा उसकी गाड़ी छोड़ने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पूर्व में भी परिवादी से पैंतीस हजार रुपये की रिश्वत ले चुका था। ब्यूरो ने बताया कि इस पूरे प्रकरण में थाना प्रभारी शैतान सिंह की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है और इस संबंध में जांच जारी है। घटना के समय खमनोर थाने में ही कार्रवाई की गई, जहां मौके पर ब्यूरो की टीम द्वारा आवश्यक दस्तावेज जब्त किए जा रहे हैं तथा रीडर को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।