सलूंबर मे वन्यजीवों के अवशेषों की अवैध तस्करी का आरोपी गिरफ्तार
Udaipur Times, Crime News: सलूंबर जिले की झल्लारा थाना पुलिस ने वन्यजीवों के अवशेषों की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की तलाशी में लेपर्ड के 8 नाखून बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी की बाइक भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, एसपी विश्नाराम विश्नोई के निर्देशन में वन्यजीवों के अवशेषों की अवैध तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत झल्लारा थाना पुलिस ने नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान कन्हैयालाल पुत्र कालूलाल माल मीणा, निवासी मालपुर, सलूंबर को बाइक से आते हुए पकड़ा गया।
संदेह होने पर पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 8 नाखून बरामद हुए। जांच में नाखून लेपर्ड के होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
थानाधिकारी धर्मेंद्र सिंह और कांस्टेबल राकेश कुमार की कार्रवाई में विशेष भूमिका रही। पुलिस के अनुसार आरोपी लेपर्ड के नाखून बेचने की फिराक में था। पूछताछ में सामने आया कि वह जंगल की ओर से नाखून लेकर घर की तरफ जा रहा था।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी को लेपर्ड के नाखून कहां से मिले और इन्हें किसे बेचने की योजना थी। लेपर्ड की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके नाखून निकाले गए या किसी अन्य तरीके से प्राप्त किए गए, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस को इस अवैध तस्करी नेटवर्क में अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका है।
पुलिस आरोपी को आज कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगने की तैयारी में है। रिमांड के दौरान आरोपी से वन्यजीव अवशेषों की तस्करी और उसके नेटवर्क से जुड़े लोगों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
