अपहरण कर मारपीट करने वाले आरोपी गिरफ्तार

10 अगस्त को पहले फ़ोन पर की गाली गलौच फिर किया था अपहरण 

 | 
Kidnapping

उदयपुर,19 अगस्त 2025 - ज़िले के झाड़ोल थाना पुलिस ने अपहरण और मारपीट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला 10 अगस्त 2025 की रात का है, जब प्रार्थी गोविंदसिंह निवासी मादड़ी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया और गाली-गलौज की गई।

 इसके बाद झगड़ा बढ़ने पर प्रार्थी को झाड़ोल स्थित सोनी पेट्रोल पंप पर बुलाया गया, जहां गजेन्द्रसिंह, हिम्मतसिंह और अन्य लोग ईको कार से पहुंचे और प्रार्थी व उसके साथियों पर हमला कर दिया।

हमलावरों ने पीड़ितों की आंखों में मिर्ची डाल दी और लाठियों व तलवार से मारपीट की। इसके बाद गोविंदसिंह और राजवीरसिंह को जबरन ईको कार में डालकर बिरोठी ले जाया गया, जहां भी उन्हें पीटा गया। देर रात आरोपियों ने दोनों को पानरवा में छोड़कर फरार हो गए। घटना में गंभीर चोटें आने के कारण पीड़ित तुरंत रिपोर्ट दर्ज नहीं करा पाए। बाद में प्रकरण संख्या 148/2025 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल तथा वृताधिकारी झाड़ोल नेत्रपालसिंह के सुपरविजन में कार्रवाई की गई।

 थानाधिकारी फैलीराम मीणा व टीम ने तकनीकी सहयोग से आरोपियों की तलाश कर नेपाल सिंह और गजेन्द्र सिंह को 18 अगस्त 2025 को गिरफ्तार किया। पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News