Udaipur Times, Crime News: उदयपुर की सवीना थाना पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ रेप करने के आरोप में एक युवक को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग को भी सुरक्षित बरामद कर लिया। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने करीब 500 किलोमीटर तक पीछा किया।
थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध की लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद पुलिस टीम लगातार उसका पीछा करते हुए मध्यप्रदेश पहुंची और आरोपी को डिटेन कर थाने लेकर आई। जांच में उसकी संलिप्तता सामने आने पर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 16 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे उनकी 16 वर्षीय नाबालिग बहन बिना बताए घर से कहीं चली गई। परिजनों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर थानाधिकारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सबूतों और मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस मध्यप्रदेश पहुंची, जहां आरोपी को गिरफ्तार कर नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया।