उदयपुर में मां-बेटी दोहरे हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार, संपत्ति का वारिस बनने से इनकार पर रची साजिश

 | 
Murder accused arrest

 

Udaipur Times, Crime News: वल्लभनगर थाना क्षेत्र के मुंडोल गांव में बुजुर्ग मां और उसकी मानसिक रूप से दिव्यांग बेटी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बुजुर्ग महिला को विश्वास में लेकर करीब एक साल तक उससे नजदीकियां बढ़ाईं और खुद को उसका धर्म का बेटा बनाया। महिला द्वारा संपत्ति का वारिस बनाने से इनकार करने पर आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची और लूट के इरादे से मां-बेटी की हत्या कर दी। Crime News

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि 1 अगस्त 2026 को मुंडोल निवासी नानालाल पुत्र चौखाजी गायरी ने लूंगा बाई के घर पर रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट के अनुसार सुबह करीब 9 बजे घर का गेट बाहर से बंद मिला। आवाज देने पर अंदर से कोई जवाब नहीं आया। पास स्थित मकान से देखने पर लूंगा बाई चारपाई पर पड़ी दिखाई दी और नीचे खून फैला हुआ था। गेट खोलने पर लूंगा बाई की बेटी अमरी बाई की लाश गेट के पास और लूंगा बाई की लाश चारपाई पर मिली। Crime News

रिपोर्ट में लूंगा बाई के पहने हुए जेवर गायब होने की बात भी सामने आई थी। इस पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 98/2026 धारा 103(1), 333 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। Crime News

घटना की गंभीरता को देखते हुए उदयपुर रेंज आईजी गौरव श्रीवास्तव और एसपी डॉ. अमृता दुहन ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रजत विश्नोई और वल्लभनगर वृत्ताधिकारी श्रवणदास के निर्देशन में थानाधिकारी पुनाराम गुर्जर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। Crime News

पुलिस ने सात मिनट में संभाला घटनास्थल

पुलिस के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही वल्लभनगर थाना पुलिस की टीम सात मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने सबसे पहले क्राइम सीन सुरक्षित किया और दोनों शवों का बारीकी से निरीक्षण किया। दोनों महिलाओं की गर्दन और सीने पर धारदार हथियार से कई वार किए जाने के निशान मिले। Crime News

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम उदयपुर, डॉग स्क्वाड और चल मोबाइल अनुसंधान इकाई को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा आसपास के थानों की पुलिस, साइबर विशेषज्ञ और जिला डीएसटी टीम को भी जांच में लगाया गया। Crime News

तकनीकी और मनोवैज्ञानिक विश्लेषण से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने तकनीकी और मनोवैज्ञानिक विश्लेषण के साथ मुखबिर तंत्र से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। घटनास्थल पर मिले खून के धब्बों और वारदात के तरीके से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। Crime News

पुलिस के अनुसार आरोपी जयमीन दवे उर्फ बन्टी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया था, लेकिन आसपास के लोगों से घटना की जानकारी लेता रहा और खुद भी हत्या के मामले में न्याय की मांग करने का दिखावा करता रहा। Crime News

संपत्ति का वारिस बनने से इनकार पर रची हत्या की साजिश

पुलिस के अनुसार आरोपी जयमीन दवे उर्फ बन्टी ने करीब एक साल पहले 75 वर्षीय लूंगा बाई से नजदीकियां बढ़ाई थीं। उसने लूंगा बाई को विश्वास में लेकर खुद को उसका धर्म का बेटा बना लिया था। पुलिस का कहना है कि लूंगा बाई के पति रुपाजी गाडरी और पुत्र चतराजी गाडरी की मृत्यु हो चुकी थी तथा परिवार में कोई पुरुष वारिस नहीं था। Crime News

आरोपी को उम्मीद थी कि वह भविष्य में लूंगा बाई की संपत्ति का कानूनी वारिस बन सकेगा। हालांकि लूंगा बाई ने उसे संपत्ति का वारिस बनाने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई। Crime News

पुलिस के अनुसार आरोपी रात के समय लूंगा बाई के घर पहुंचा और लूंगा बाई तथा उसकी मानसिक रूप से दिव्यांग बेटी अमरी बाई की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इसके बाद लूंगा बाई के पहने हुए जेवर लेकर फरार हो गया।

कर्ज में डूबा था आरोपी

पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों और बैंकों से उधार व लोन लेकर उन्हें समय पर चुका नहीं पा रहा था। लगातार बढ़ते कर्ज और आर्थिक तंगी के कारण वह कर्ज के जाल में फंस गया था। पुलिस का कहना है कि आर्थिक दबाव और पैसों की व्यवस्था करने की मंशा से आरोपी ने लूट के लिए मां-बेटी की हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में जयमीन उर्फ बन्टी पुत्र भवानी शंकर दवे, उम्र 37 वर्ष, निवासी शिव मंदिर के पीछे डांगियों का चौराहा, वल्लभनगर, थाना वल्लभनगर, हाल निवासी आर्ची गैलेक्सी अपार्टमेंट, सी ब्लॉक, फ्लैट नंबर 207, पृथ्वीसिंह जी का खेड़ा को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और वारदात में इस्तेमाल हथियार तथा लूटे गए जेवरों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस की लोगों से अपील

वल्लभनगर थाना पुलिस ने बुजुर्ग और अकेली महिलाओं से अत्यधिक मेल-जोल बढ़ाने वाले लोगों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी व्यक्ति पर बिना जांच-पड़ताल के भरोसा न करें और अपनी संपत्ति व निजी जानकारी किसी के साथ साझा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News