कोटड़ा में अवैध बंदूकें बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार
4 टोपीदार बंदूकें और निर्माण सामग्री जब्त
Udaipur Times News, Crime News, उदयपुर 26 नवंबर 2026 । कोटड़ा पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए टोपीदार बंदूकें बनाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 4 टोपीदार बंदूकें और बंदूक निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री व उपकरण जब्त किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अवैध हथियारों और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा और वृत्ताधिकारी डूंगरसिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी प्रभुलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वेराकातरा गांव में एक मकान पर दबिश दी। Udaipur News
मकान के बाहर आंगन में बंदूकें बनाते मिला आरोपी
पुलिस टीम जब वेराकातरा स्थित मकान पर पहुंची तो वहां आंगन में एक व्यक्ति अवैध रूप से टोपीदार एकनाली बंदूकें बनाते हुए मिला। पुलिस ने मौके से 4 बंदूकें और हथियार बनाने की सामग्री व उपकरण जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मीराराम पिता हामा, उम्र 51 वर्ष, निवासी वेराकातरा, थाना कोटड़ा के रूप में हुई है। Crime News
आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कोटड़ा में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।