हाउसिंग प्रोजेक्ट्स में मोटा मुनाफा दिलाने के नाम पर 3 करोड़ की ठगी का आरोप
उदयपुर 5 सितंबर 2025। ज़िले में जमीन और हाउसिंग प्रोजेक्ट्स में मोटा मुनाफा दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है। उदयपुर निवासी नासिर मोहम्मद (57) ने कोर्ट के जरिए प्रतापनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें आरोप लगाया गया कि निजाम मोहम्मद मंसूरी सहित पांच लोगों ने करीब 2.84 करोड़ रुपए और 9 लाख रुपए ब्याज मिलाकर लगभग 2.93 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की।
कैसे हुआ फर्जीवाड़ा
रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने जमीन के सौदों और सीएम हाउसिंग स्कीम में पार्टनरशिप का झांसा दिया। जाली दस्तावेज बनाकर सौदे पक्के दिखाए और रकम लेने के बाद आरोपी गायब हो गए। शिकायतकर्ता से 12 खाली स्टांप और 12 चेक पर साइन करवाए गए, जिनका दुरुपयोग कर फर्जी एग्रीमेंट तैयार किए गए।
शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने करीब 3 करोड़ रुपए आरटीजीएस के जरिए दिए थे। जब प्रोजेक्ट पूरा होने पर रकम मांगी गई तो आरोपियों ने लौटाने से इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।
यह है आरोपी
- निजामुद्दीन मंसूरी पुत्र गुलाम मोहम्मद मंसूरी निवासी शास्त्री नगर, भीलवाड़ा
- सलमा बानो पत्नी निजामुद्दीन मंसूरी निवासी शास्त्री नगर, भीलवाड़ा
- बेबी बानो पत्नी निजामुद्दीन मंसूरी निवासी शास्त्री नगर, भीलवाड़ा
- मोहम्मद शकील पुत्र मोहम्मद बशीर निवासी शास्त्री नगर, भीलवाड़ा
- जाकिर मोहम्मद पुत्र उमर मंसूरी निवासी भीलवाड़ा
गिरोह बनाकर की गई धोखाधड़ी
रिपोर्ट में कहा गया कि आरोपियों ने मिलकर फर्जी व्यापार का नाटक किया और शिकायतकर्ता को अपने जाल में फंसाया। यहां तक कि लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर धमकी दी गई और कहा गया कि पवन सोलंकी के बैंक खाते में 3 लाख रुपए डालने होंगे, वरना बच्चे समेत जान से मरवा देंगे।
प्रतापनगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 314, 316(2), 318(4), 61(2) भारतीय न्याय संहिता और 175(3) बीएनएसएस के तहत प्रकरण दर्ज कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, भीलवाड़ा की अदालत में मामला पेश किया है।
#UdaipurNews #PropertyScam #HousingFraud #LandScam #UdaipurCrime #UdaipurTimes #UdaipurPolice
