किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

झाड़ोल थाना पुलिस की कार्रवाई 
 | 

उदयपुर 2 फ़रवरी 2026। ज़िले के थाना झाड़ोल क्षेत्र में एक किशोरी के अपहरण और गंभीर अपराध के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार 28 जनवरी 2026 को पीड़िता के परिजनों द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि किशोरी सुबह विद्यालय जाने के लिए घर से निकली थी। 

इसी दौरान भारत सिंह नामक व्यक्ति कार लेकर उसके पास आया और घर छोड़ने का भरोसा दिलाकर उसे अपने साथ बैठा लिया। इसके बाद आरोपी उसे एक होटल ले गया, जहां उसके साथ आपत्तिजनक कृत्य किया गया। घटना के बाद आरोपी किशोरी को घर के पास छोड़कर फरार हो गया। मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए उदयपुर एसपी योगेश गोयल के निर्देश पर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के आदेश दिए गए। थाना अधिकारी झाड़ोल फेलीराम मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया तथा पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी भारत सिंह को गिरफ्तार कर लिया और घटना में प्रयुक्त कार को जब्त किया। आरोपी को बाद में न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।