शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने का आरोप
उदयपुर 12 नवंबर 2025- जिले के सराड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी निवासी केजड़ कर उसके एक साथी अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता द्वारा दी गई रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि उसका पहले विवाह हो चुका था, लेकिन आपसी मतभेद के कारण वह तलाक लेकर अपने भाई के घर रह रही थी। इस दौरान उसकी मुलाकात आरोपी से हुई, जिसने शादी का प्रस्ताव रखा। आरोपी लगातार फोन कर उससे संपर्क में रहा और विश्वास जीतने के बाद उसे अपने गांव केजड़ ले गया।
महिला ने बताया कि आरोपी ने घूमने के बहाने उसे कार में बैठाकर अपने घर ले जाकर दो दिन तक रोके रखा और मना करने के बावजूद जबरन शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी ने कोर्ट मैरिज का झांसा देकर किसी अन्य व्यक्ति की मदद से एक स्टाम्प पेपर पर उसके हस्ताक्षर करवाए और कहा कि इसे ऑनलाइन करवाना पड़ेगा, इसलिए वह स्टाम्प अपने पास रखेगा।
इसके बाद आरोपी ने उसे चार दिन तक घर पर रखा और फिर गांव छोड़ते हुए कहा कि अब कोर्ट में शादी हो गई है, दीवाली के बाद बारात लेकर आएगा। लेकिन बाद में उसने शादी करने से इनकार कर दिया और धमकी दी कि उसके पास महिला की निजी तस्वीरें हैं, जिन्हें वह वायरल कर देगा।
महिला ने बताया कि आरोपी अब किसी अन्य महिला से विवाह कर रहा है, जबकि उसने शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी और दुष्कर्म किया।
सराड़ा थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
