फरार शातिर बदमाश गिरफ्तार

पुलिस को चकमा देकर भागने लगा और अंधेरे में नाले में गिर गया
 | 

उदयपुर 14 नवंबर 2025। पोक्सो एक्ट व चोरी के प्रकरण में फरार शातिर बदमाश गिरफ्तार, इंस्टाग्राम पर स्वयं को शिआ डॉन ऑफ सेक्टर 14 बताकर करता था पोस्ट, उदयपुर का बड़ा बदमाश बताया जाने वाला आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश में नाले में गिरा और घायल हुआ

ज़िला पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देशन में गोवर्धन विलास पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पोक्सो एक्ट, चोरी और धमकी जैसे गंभीर मामलों में फरार चल रहे शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी शिआ उर्फ शिवा शर्मा पुत्र गोपाल शर्मा निवासी सेक्टर 14 लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।

प्रकरण संख्या 333/2025 धारा 308(4), 78 BNS व 7,8 POCSO के तहत आरोपी की तलाश की जा रही थी। एसपी के आदेश पर एएसपी अमित कुमार और डीएसपी गोपाल स्वरूप के सुपरविजन में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। 13 नवंबर 2025 को सूचना मिली कि शिआ शर्मा उदयपुर में देखा गया है, जिसके बाद थाना प्रभारी गोवर्धन विलास जयेश जोशी के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाश ने भागने की कोशिश की और अंधेरे में नाले में गिर गया, जिससे उसे चोटें आईं। बाद में पुलिस ने उसे मौके से पकड़कर उपचार के लिए एमबी अस्पताल पहुंचाया और गिरफ्तार कर लिया।

घटना का विवरण

सेक्टर 14 निवासी पीड़िता ने 16.10.2025 को थाना गोवर्धनविलास पर रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि शिआ शर्मा लगातार उसे धमकाता है और उससे जबरन शादी करने का दबाव बना रहा था। आरोपी ने पीड़िता को पहले भी रास्ते में रोककर धमकी दी थी कि यदि उसने शादी नहीं की तो वह जान से मार देगा। घटना के कुछ दिनों बाद आरोपी ने पीड़िता को फिर रास्ते में रोका, बाइक पर बैठाया और उसके घर जाकर उसे व उसकी मां को धमकाया। पीड़िता ने डरकर घटना की जानकारी पुलिस को दी।

दूसरी घटना में आरोपी ने पीड़िता की नाबालिग बहन को भी अकेले पाकर उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। पीड़िता और उसकी बहन के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हुए और आरोपी मौके से फरार हो गया। इन घटनाओं के आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था।

विशेष विवरण

फरारी के दौरान आरोपी मुंबई, जयपुर, अहमदाबाद और जोधपुर सहित कई शहरों में छिपता रहा। इस दौरान वह इंस्टाग्राम पर शिआ डॉन ऑफ सेक्टर 14 नाम की आईडी से पोस्ट करता था और स्वयं को बड़ा बदमाश बताता था। वह हथियारों के साथ फोटो और रील डालकर अन्य लोगों को प्रभावित करने की कोशिश करता था।

पुलिस ने तकनीकी और मानव खुफिया की मदद से जोधपुर के निकट उसके संपर्कों का पता लगाया। टीम ने उसे दबोचने के लिए योजना बनाई और फर्जी ग्राहक बनकर जोधपुर पहुंची। जैसे ही शिआ शर्मा बाइक पर वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की। शिआ पुलिस को चकमा देकर भागने लगा और अंधेरे में नाले में गिर गया। इसके बाद उसे काबू में कर लिया गया।

पकड़े जाने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया और पूछताछ में घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की गई।

आरोपी का अपराध रिकॉर्ड:

शिआ शर्मा के खिलाफ इससे पूर्व भी गोवर्धनविलास थाने में एक मामला दर्ज है।