geetanjali-udaipurtimes

सविना थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई

75 लाख की शराब जब्त
 | 

उदयपुर 21 नवंबर 2025। ज़िले में अवैध शराब परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सविना थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब 75 लाख रुपये की चंडीगढ़ निर्मित अवैध शराब से भरा ट्रक जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

एसपी उदयपुर योगेश गोयल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और डिप्टी एसपी नगर पूर्व छगन पुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी अजय सिंह के नेतृत्व में 20 नवंबर 2025 को डाकनकोटड़ा नेशनल हाईवे टोल प्लाजा के आगे विशेष नाकाबंदी की गई। इस दौरान प्रतापनगर दिशा से आ रहे ट्रक (आरजे 19 जीसी 9026) को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी में पाया गया कि ट्रक चालक फर्जी बिल्टी और कोयले जैसा चूरेनुमा पदार्थ भरे 500 कट्टों की आड़ में अवैध शराब की तस्करी कर रहा था। ट्रक में छिपाई गई शराब में BLUE STROKE Exquisite Whisky 180 एमएल के 151 कार्टून (कुल 7,248 पव्वे) तथा Discount Premium Whisky 180 एमएल के 999 कार्टून (कुल 47,952 पव्वे) बरामद किए गए।

ट्रक सहित शराब को जब्त करते हुए चालक माघवेन्द्र सिंह पुत्र जसुराम निवासी नाथोनी, जाणियों की ढाणी, बायतु (जिला बालोतरा) को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ थाना सविना में प्रकरण संख्या 455/2025 धारा 19/54, 19/54-डी राजस्थान आबकारी अधिनियम तथा धारा 338, 340(2), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध शराब को चंडीगढ़ से भरकर गुजरात में सप्लाई करने की कोशिश कर रहा था। तस्करी में कोयले जैसे पदार्थ से भरे कट्टों का इस्तेमाल छिपाने के लिए किया गया। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि इस नेटवर्क में शामिल अन्य तस्करों और सप्लायरों की जानकारी मिल सके।

पुलिस के अनुसार आरोपी वर्तमान में पुलिस अभिरक्षा में है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।